न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मंगलवार देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कैंट थाना क्षेत्र के सिंघड़िया मॉडल शॉप के पास एक युवती ने खुलेआम पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद भागने की कोशिश कर रही युवती को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस ने युवती समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घायल युवक की पहचान खोराबार क्षेत्र के जंगल सिकरी बाईपास निवासी अमिताभ निषाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गोली उसके पेट में लगी, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जन्मदिन की पार्टी बनी हिंसा की वजह
जानकारी के मुताबिक, हरपुरबुदहट इलाके की रहने वाली अंशिका किराये के मकान में रहती है। मंगलवार को वह अपना जन्मदिन मनाने के लिए तीन-चार युवकों के साथ कार से सिंघड़िया मॉडल शॉप के पास पहुंची थी। इसी दौरान सूबा बाजार निवासी नर्सिंग होम कर्मचारी विशाल अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे। किसी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई।
आरोप है कि बहस के दौरान अंशिका ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। गोली विशाल के साथ मौजूद अमिताभ को जा लगी। इसके बाद युवती और उसके साथी मौके से फरार होने लगे, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें घेर लिया। सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा और युवती को हिरासत में ले लिया।
पुलिसकर्मियों से वसूली के आरोप
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला आरोप यह सामने आया है कि युवती से कुछ पुलिसकर्मी भी खौफ खाते थे। सूत्रों के अनुसार, अंशिका पर आरोप है कि वह कई पुलिसकर्मियों से नजदीकियां बढ़ाकर और बदनामी का डर दिखाकर उनसे पैसे वसूल चुकी है। बताया जाता है कि इसी कारण एक दरोगा की थानेदारी तक जा चुकी है, हालांकि अब तक किसी पुलिसकर्मी ने उसके खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई।
यह भी पढ़े:- शंकराचार्य विवाद पर प्रवीण तोगड़िया की एंट्री,योगी और अविमुक्तेश्वरानंद से बोले- हिन्दू बंटेंगे तो
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, युवती पर पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है। खोराबार थाने में उसके खिलाफ थार गाड़ी चोरी का केस दर्ज हुआ था, जिसमें उसके साथी जेल जा चुके हैं। गिरफ्तारी से पहले अंशिका ने अग्रिम जमानत ले ली थी।
किराये की थार, फर्जी नंबर और फरारी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सितंबर में दिल्ली गए थे, जहां से उन्होंने एक थार गाड़ी किराये पर ली और बाद में उसे लौटाए बिना फरार हो गए। पकड़े जाने के डर से उन्होंने वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर शहर में आवाजाही शुरू कर दी थी।
सोशल मीडिया और दिखावे की दुनिया
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोशल मीडिया की चकाचौंध और महंगे शौक ने युवती को अपराध की राह पर धकेल दिया। वह परिवार से अलग रह रही थी और सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थी। इंस्टाग्राम पर उसके हजारों फॉलोअर्स हैं और वह सैकड़ों रील्स पोस्ट कर चुकी है। महंगे कपड़े, नए मोबाइल और लग्जरी लाइफस्टाइल की चाह में उसके परिवार से रिश्ते खराब होते चले गए और धीरे-धीरे परिवार ने उससे दूरी बना ली।
पुलिस जांच में जुटी
सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गोली युवती द्वारा चलाए जाने की पुष्टि हुई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पिस्टल कहां से लाई गई और इस घटना में अन्य लोगों की क्या भूमिका रही। पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।



