न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- मध्यप्रदेश में युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में युवा संगम 2026 एक बड़ा अवसर लेकर आ रहा है। इसके तहत प्रदेश में दो बड़े जिला स्तरीय रोजगार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जहां निजी क्षेत्र की नामी कंपनियां सीधे युवाओं की भर्ती करेंगी। इन आयोजनों के माध्यम से 870 से अधिक रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
अलीराजपुर में युवा संगम, 230 पदों पर भर्ती
अलीराजपुर जिले के कट्ठिवाड़ा क्षेत्र में 20 जनवरी 2026 को युवा संगम कार्यक्रम आयोजित होगा। इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को औद्योगिक और तकनीकी क्षेत्र से जोड़ना है।
इस रोजगार मेले में तीन प्रमुख निजी कंपनियां भाग लेंगी—
- न्यू जील, बदनावर
- प्रतिभा सिंटेक्स, पीथमपुर
- लॉरिट्ज़ नुडसन, गुजरात
इन कंपनियों द्वारा कुल 230 पदों पर भर्ती की जाएगी। पदों में मशीन ऑपरेटर, सुपरवाइजर, मैकेनिकल व सर्विसिंग स्टाफ शामिल हैं।
यह भी पढ़े:- किश्तवाड़ में आतंकियों से मुठभेड़, तीन दहशतगर्द घेरे में; एक जवान घायल
यह अवसर विशेष रूप से आईटीआई, डिप्लोमा धारक और तकनीकी अनुभव रखने वाले युवाओं के लिए फायदेमंद रहेगा।
सिवनी में जिला स्तरीय रोजगार मेला, 640 पद उपलब्ध
दूसरा बड़ा आयोजन 21 जनवरी 2026 को शासकीय महाविद्यालय, छपारा (जिला सिवनी) में किया जाएगा। यह जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप मेला होगा।
इस मेले में 10 से अधिक निजी कंपनियां भाग लेंगी, जिनमें प्रमुख हैं—
- आमधन प्राइवेट लिमिटेड (अहमदाबाद)
- एलएनजेडीडीयूजीकेवाय (जबलपुर)
- ग्रो फास्ट एग्रीकल्चर (जबलपुर)
- मोबिटेक पे (नई दिल्ली)
- एसबीआई (सिवनी)
- गोल्डन फार्मर ऑर्गेनिक एग्रीकल्चर (सागर)
- सीआईआई स्किल ट्रेनिंग सेंटर (छिंदवाड़ा)
- मारुति सुजुकी (गुजरात)
- अदाणी सोलर (गुजरात)
- साई प्रसाद इंडस्ट्रियल सर्विसेस (पुणे)
यहां 640 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। उपलब्ध पदों में ट्रेनी, सुरक्षा गार्ड, टेक्नीशियन, मशीन ऑपरेटर, बीमा एजेंट, फील्ड वर्कर, ऑफिसर, अप्रेंटिस, बीपीओ और सेल्स रिप्रेजेंटेटिव शामिल हैं।
युवाओं के लिए सुनहरा मौका
युवा संगम 2026 केवल रोजगार मेला नहीं, बल्कि युवाओं को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों से जोड़ने का सशक्त मंच है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के अवसर मिलते हैं, जिससे पलायन पर रोक लगती है और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लक्ष्य को मजबूती मिलती है।



