न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में इस साल प्रस्तावित पंचायत चुनाव और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने जमीनी स्तर पर बड़ी राजनीतिक रणनीति तैयार की है। पार्टी अब मनरेगा, एसआईआर और संविधान संवाद सभाओं के जरिए जनता के बीच पहुंचेगी। इस अभियान के तहत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की चिट्ठी हर ग्राम प्रधान, पूर्व प्रधान, रोजगार सेवकों और मनरेगा मजदूरों तक पहुंचाई जाएगी।
कांग्रेस ने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा को वीबी जी-राम-जी योजना से बदले जाने के फैसले के खिलाफ बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। इसके साथ ही पार्टी ने अगले 100 दिनों में 30 से अधिक संविधान संवाद रैलियां आयोजित करने का फैसला लिया है।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में रणनीतिक बैठक
शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में यूपी कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अगुआई में पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी तथा मनरेगा और एसआईआर को-ऑर्डिनेटरों की बैठकें हुईं। बैठकों में आगामी चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
तय किया गया कि प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर रैलियां, सभाएं, प्रभात फेरियां और ग्राम चौपालें आयोजित की जाएंगी। हर ग्राम पंचायत में प्रधानों, पूर्व प्रधानों, रोजगार सेवकों और मनरेगा मजदूरों के साथ चौपाल लगाई जाएगी, जहां उन्हें बताया जाएगा कि मनरेगा में बदलाव से उन्हें क्या नुकसान हो सकता है।
गांव-गांव अभियान की रूपरेखा
कांग्रेस की योजना के तहत
- गांवों में दीवार लेखन और पेंटिंग कराई जाएगी
- 26 जनवरी को गांवों में मनरेगा बचाने के प्रस्ताव पारित कराए जाएंगे
- मनरेगा मजदूरों से राष्ट्रपति के नाम चिट्ठी लिखवाई जाएगी
- सोनिया गांधी का रिकॉर्डेड वीडियो संदेश कार्यकर्ताओं के माध्यम से ग्रामीणों तक पहुंचाया जाएगा
बैठक में ये कांग्रेसी नेता रहे मौजूद
बैठक में कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, बृजलाल खाबरी, सुप्रिया श्रीनेत, प्रमोद तिवारी, केएल शर्मा, इमरान मसूद, तनुज पुनिया, पीएल पुनिया, दानिश अली, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, संजय दीक्षित सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल रहे।
चुनावी तैयारी में जुटने का आह्वान
यूपी कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि यह चुनावी वर्ष है और सभी नेताओं-कार्यकर्ताओं को पंचायत, एमएलसी और विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटना होगा।
यह भी पढ़े:- मथुरा में प्रतिबंधित पशु कटान की सूचना पर बवाल, कबाड़ गोदामों में आगजनी; कई
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि अगले 100 दिनों में होने वाली 30 रैलियों में जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा। वहीं, संजय दीक्षित ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ रही मनरेगा को खत्म करने की कोशिश हो रही है, जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।
गठबंधन को लेकर कांग्रेस में मतभेद
सूत्रों के मुताबिक पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में विधानसभा चुनावों के लिए गठबंधन को लेकर भी चर्चा हुई, जिसमें पार्टी दो गुटों में बंटी नजर आई।
- एक धड़ा बिना गठबंधन चुनाव लड़ने के पक्ष में है
- दूसरा धड़ा सपा या बसपा के साथ गठबंधन को लेकर अलग-अलग राय रखता है



