न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- ईपीएफओ (Employees’ Provident Fund Organisation) से जुड़े करोड़ों कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब भविष्य निधि (PF) से पैसा निकालने की प्रक्रिया और भी आसान और तेज होने वाली है। EPFO जल्द ही BHIM UPI ऐप के जरिए इंस्टेंट PF एडवांस विड्रॉल की सुविधा शुरू करने जा रहा है, जिससे जरूरत पड़ने पर कर्मचारी तुरंत अपने PF खाते से पैसा निकाल सकेंगे।
इस नई डिजिटल सुविधा से देश के 30 करोड़ से अधिक EPFO मेंबर्स को लाभ मिलने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि यह व्यवस्था अगले 2 से 3 महीनों में शुरू की जा सकती है। यह सिस्टम कुछ हद तक ATM से कैश निकालने जैसा होगा, जहां इमरजेंसी में बिना लंबा इंतजार किए PF की रकम खाते में मिल जाएगी।
यह कदम EPFO के उस बड़े डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन का हिस्सा है, जिसके तहत संगठन 26 लाख करोड़ रुपये से अधिक के PF फंड का प्रबंधन करता है।
कैसे काम करेगा BHIM UPI से PF विड्रॉल सिस्टम
इस नई सुविधा को लागू करने के लिए EPFO ने NPCI (नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) के साथ साझेदारी की है। योजना के तहत EPFO सदस्य BHIM ऐप के जरिए PF एडवांस के लिए क्लेम कर सकेंगे।
मेंबर्स हेल्थ, पढ़ाई, शादी या अन्य अनुमत कारणों के तहत PF एडवांस का विकल्प चुन सकेंगे। क्लेम सबमिट होने के बाद EPFO की ओर से बैकएंड में उसकी जांच और वेरिफिकेशन किया जाएगा। सभी शर्तें पूरी होने पर मंजूर की गई रकम सीधे UPI से जुड़े बैंक अकाउंट में SBI के जरिए तुरंत ट्रांसफर कर दी जाएगी।
शुरुआत में यह सुविधा केवल BHIM ऐप तक सीमित रहेगी, लेकिन भविष्य में इसे अन्य UPI आधारित फिनटेक ऐप्स पर भी उपलब्ध कराया जा सकता है।
PF इंस्टेंट विड्रॉल पर लग सकती है लिमिट
हालांकि इस सुविधा में कुछ सीमाएं भी तय की जा सकती हैं। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआत में पूरी PF राशि निकालने की अनुमति नहीं होगी। RBI द्वारा तय UPI ट्रांजैक्शन लिमिट के अनुसार ही इंस्टेंट विड्रॉल की अधिकतम सीमा निर्धारित की जाएगी, ताकि किसी भी तरह के दुरुपयोग से बचा जा सके।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि एक बार में कितनी अधिकतम राशि निकाली जा सकेगी, लेकिन EPFO इस पर मंथन कर रहा है। अधिकारियों का मानना है कि तत्काल भुगतान में जोखिम भी जुड़े होते हैं, इसलिए सिस्टम को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
अभी PF निकालने में कितना समय लगता है?
वर्तमान में PF निकालने की प्रक्रिया समय लेने वाली है। अगर कोई सदस्य 5 लाख रुपये तक का ऑनलाइन एडवांस क्लेम ऑटो-मोड में करता है, तो भी उसे कम से कम 3 कार्यदिवस लग जाते हैं। अधिक राशि या मैनुअल क्लेम की स्थिति में यह समय और बढ़ जाता है।
ऐसे में BHIM ऐप से इंस्टेंट PF विड्रॉल की सुविधा खासतौर पर आपात स्थितियों में कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। यह पहल EPFO को और अधिक डिजिटल, तेज और यूजर-फ्रेंडली बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।



