नेहा सिंह राठौर को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- लोक गायिका नेहा सिंह राठौर को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है। पहलगाम आतंकी हमले और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित विवादित टिप्पणियों के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी है।

यूपी सरकार और शिकायतकर्ता को नोटिस

जस्टिस जे.के. माहेश्वरी और जस्टिस अतुल एस. चंदूरकर की पीठ ने इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार और शिकायतकर्ता अभय प्रताप सिंह को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है। अदालत ने साफ किया है कि अगली सुनवाई तक नेहा सिंह राठौर को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा।

19 जनवरी को पूछताछ में शामिल होने का निर्देश

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने राहत के साथ शर्त भी लगाई है। कोर्ट ने नेहा सिंह राठौर को 19 जनवरी को पुलिस जांच में शामिल होने का निर्देश दिया है और कहा है कि यदि वह जांच में सहयोग नहीं करती हैं तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा।

हाई कोर्ट से नहीं मिली थी राहत

इससे पहले नेहा सिंह राठौर ने इलाहाबाद हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दाखिल की थी, जिसे खारिज कर दिया गया था। इसके बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

क्या हैं आरोप

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नेहा सिंह राठौर के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर आरोप है कि कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर ऐसे बयान पोस्ट किए, जिससे दो समुदायों के बीच नफरत फैलने और राष्ट्रीय अखंडता प्रभावित होने की बात कही गई है। इस आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हुई थी।

यह भी पढ़े:- यूपी में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा रद्द, योगी सरकार का बड़ा फैसला

आरोपों के मुताबिक, जब सरकार हालात से निपटने की तैयारी कर रही थी, उसी दौरान उनके कथित बयानों से लोगों को भड़काने की आशंका जताई गई।

पुलिस करेगी पूछताछ

सूत्रों के अनुसार, पुलिस अब 19 जनवरी को नेहा सिंह राठौर से उनके सोशल मीडिया पोस्ट की मंशा और इससे जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ करेगी।

राहत के बाद नेहा की प्रतिक्रिया

सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा,
“माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने मेरी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। इस बड़ी राहत के लिए आप सभी का धन्यवाद।”

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles