न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। पंचायत चुनाव से पहले योगी सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर अहम कदम उठाया है। अब सिविल सर्विसेज समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवाओं को शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि गांव स्तर पर ही आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
राज्य सरकार 30 जनवरी तक सभी जिलों में आवश्यक आईटी उपकरणों की खरीद प्रक्रिया पूरी कर ग्राम पंचायत सचिवालयों में अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की तैयारी में है। इस पहल के तहत ग्रामीण युवाओं को उनके गांव में ही बड़े कोचिंग और अध्ययन केंद्रों जैसी सुविधाएं मिलेंगी। वहीं 26 जनवरी तक पुस्तकालयों के लिए फर्नीचर की खरीद पूरी कर लाइब्रेरी को संचालन के लिए तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
लाखों डिजिटल कंटेंट से होगी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी
पंचायतीराज निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि इन डिजिटल लाइब्रेरी में वाई-फाई सुविधा, एलईडी स्क्रीन, सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर सिस्टम के साथ-साथ पुस्तकों और डिजिटल अध्ययन सामग्री की व्यापक व्यवस्था होगी। ई-बुक्स, वीडियो और ऑडियो लेक्चर, क्विज और लाखों शैक्षणिक डिजिटल कंटेंट के माध्यम से ग्रामीण युवा अब घर बैठे ही उच्च स्तरीय तैयारी कर सकेंगे।
हर पंचायत में डिजिटल लाइब्रेरी, लाखों रुपये का निवेश
सरकार की योजना के तहत प्रदेश के प्रत्येक जिले की ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जाएंगी। एक लाइब्रेरी पर करीब चार लाख रुपये का खर्च आएगा। इसमें दो लाख रुपये की पुस्तकें, लगभग 1.30 लाख रुपये के आईटी उपकरण और करीब 70 हजार रुपये के आधुनिक फर्नीचर की व्यवस्था शामिल है।
यह भी पढ़े:- राम मंदिर के बाद अयोध्या को मिलेगा बड़ा तोहफा, 200 बेड के कैंसर अस्पताल के निर्माण को मिली
यह पहल ग्रामीण भारत को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और युवाओं को समान अवसर देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
पंचायत स्तर पर होगी निगरानी व्यवस्था
पंचायतीराज विभाग के अनुसार डिजिटल लाइब्रेरी का संचालन चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव इसके प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि सहायक अधिकारी नियमित निगरानी करेंगे। सरकार का मानना है कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर मजबूत होगा और युवा रोजगार व प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पहले से अधिक सक्षम बन सकेंगे।



