न्यूज़ डेस्क/ सर्वोदय न्यूज़:- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मशहूर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कूचबिहार जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह कश्मीर घाटी से कश्मीरी पंडितों को पलायन के लिए मजबूर किया गया था, वैसी ही स्थिति बंगाल में बनाने की कोशिश की जा रही है।
मिथुन चक्रवर्ती ने अपनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में योजनाबद्ध तरीके से माहौल बिगाड़ा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल को “पश्चिम बांग्लादेश” में बदलने की साजिश रची जा रही है, लेकिन ऐसे प्रयास कभी सफल नहीं होंगे।
ममता बनर्जी के बयान पर हमला
भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर की गई टिप्पणी की भी आलोचना की। मिथुन ने कहा कि मुख्यमंत्री यह भूल रही हैं कि पश्चिम बंगाल कोई अलग देश नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बांकुड़ा में एक जनसभा के दौरान ममता बनर्जी ने गृह मंत्री को लेकर धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया।
उन्होंने कहा, “अगर मुख्यमंत्री यह स्पष्ट कह देतीं कि भारत के गृह मंत्री को बंगाल में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा, तो वह दिन राज्य के लिए बेहद विनाशकारी होता।”
बंगाल को बांग्लादेश बनाने की कोशिश का आरोप
मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि कुछ लोग यह मान बैठे हैं कि बंगाल अब बांग्लादेश बन चुका है, लेकिन जब तक उनके शरीर में खून की एक भी बूंद है, ऐसा कभी नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके समर्थक संविधान में विश्वास रखते हैं और इसी कारण संयम बनाए हुए हैं।
यह भी पढ़े:- Aaj Ka Rashifal 3 January2026 : इन 7 राशियों की किस्मत में हो सकता है बड़ा बदलाव,
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि देवी मां की स्तुति में गीत गाने को लेकर गायिका लग्नाजिता चक्रवर्ती को परेशान किया गया, जो राज्य में बढ़ती असहिष्णुता को दर्शाता है।
बांग्लादेश की घटना और बंगाल में विरोध
भाजपा नेता ने बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की लिंचिंग का जिक्र करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस घटना के विरोध में पश्चिम बंगाल में प्रदर्शन करने वालों पर पुलिस ने सख्ती की और 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
मिथुन ने आरोप लगाया कि राज्य में अब लोगों को विरोध प्रदर्शन करने की भी आज़ादी नहीं है।
तृणमूल सरकार को हटाने की अपील
मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि पश्चिम बंगाल को मौजूदा हालात से निकालने का एकमात्र रास्ता सरकार बदलना है। उन्होंने कांग्रेस, वामपंथी दलों और तृणमूल कांग्रेस के “विवेकशील” समर्थकों से अपील की कि वे आगामी चुनावों में एकजुट होकर सरकार को सत्ता से बाहर करें।
उन्होंने दावा किया कि राज्य में न तो उद्योग हैं, न रोजगार के अवसर और न ही मजबूत स्वास्थ्य ढांचा। मिथुन ने आरोप लगाया कि “भ्रष्टाचार के अलावा बंगाल में कुछ भी नहीं बचा है।”
आयुष्मान भारत को लेकर बयान
भाजपा नेता ने ममता सरकार पर आयुष्मान भारत योजना लागू न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने यह योजना सिर्फ इसलिए नहीं अपनाई क्योंकि इससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता बढ़ सकती थी।
मिथुन चक्रवर्ती ने भरोसा दिलाया कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर सबसे पहले आयुष्मान भारत योजना लागू की जाएगी।



