न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बिहार में पहले चरण के मतदान ने नया इतिहास रच दिया है। राज्य में 121 विधानसभा सीटों पर हुए मतदान में रिकॉर्ड 64.66 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। यह अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है।
चुनाव आयोग ने गुरुवार शाम आंकड़े जारी करते हुए बताया कि इससे पहले वर्ष 2000 के विधानसभा चुनाव में 62.57% मतदान हुआ था, जबकि 1998 के लोकसभा चुनाव में 64.6% वोटिंग हुई थी। इस बार दोनों रिकॉर्ड टूट गए हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि कुछ छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा। वहीं, एडीजी मुख्यालय कुंदन कृष्णन ने बताया कि मतदान के दौरान 1,415 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया।
महिलाओं ने दिखाया उत्साह
पहले चरण में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। आयोग के अनुसार, इस बार महिलाओं ने बड़ी संख्या में मतदान किया है। मतदान के दौरान 165 बैलेट यूनिट, 169 कंट्रोल यूनिट और 480 वीवीपैट मशीनें बदली गईं।
यह भी पढ़े:- ईडी ने सुरेश रैना व शिखर धवन की 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त: ऑनलाइन
2020 के विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार मशीनों में कम तकनीकी खराबी आई। इस बार केवल 1.21% बैलेट यूनिट बदले गए, जबकि पिछली बार यह संख्या 1.87% थी।
143 शिकायतें, कई जगह मतदान बहिष्कार की खबरें
पहले चरण की वोटिंग खत्म होने तक आयोग को कुल 143 शिकायतें मिलीं, जिन्हें समय रहते निपटाया गया।
बक्सर के ब्रह्मपुर, फतुहा के केंद्र संख्या 165 व 166, और लखीसराय के सूर्यगढ़ा क्षेत्र में मतदान बहिष्कार की खबरें आईं। हालांकि, चुनाव आयोग ने कहा कि कहीं भी कोई गंभीर या अप्रिय घटना नहीं हुई।
90 हजार जीविका दीदियां रही तैनात
पर्दानशीं (बुर्का पहनी) महिलाओं की पहचान के लिए चुनाव आयोग ने 90 हजार जीविका दीदियों की तैनाती की थी। इनके साथ CAPF के जवान भी मौजूद रहे। राज्यभर में 4 लाख मतदान कर्मियों को मतदान प्रक्रिया में लगाया गया।
आगे का चुनावी कार्यक्रम
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में हो रहा है।
- दूसरे चरण का मतदान: 11 नवंबर 2025
- कुल सीटें: 122
- मतगणना व नतीजे: 14 नवंबर 2025



