न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मेरठ के सेंट्रल मार्केट में हुए कॉम्प्लेक्स ध्वस्तीकरण को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “भाजपा को वोट देने वालों को रिटर्न गिफ्ट में बुलडोजर मिला है।”
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार में भी दुकानों को तोड़ने का आदेश आया था, लेकिन तब हमने गरीबों और व्यापारियों की रोजी-रोटी बचाई थी, जबकि भाजपा सरकार जनता की मेहनत पर बुलडोजर चला रही है।
मेरठ में ध्वस्तीकरण से भड़के व्यापारी
मेरठ के सेंट्रल मार्केट कॉम्प्लेक्स को अवैध निर्माण बताकर प्रशासन ने हाल ही में ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के बाद 22 से अधिक व्यापारी परिवार और उनके कर्मचारी सड़क पर आ गए, जिससे रोजगार और कारोबार दोनों पर संकट खड़ा हो गया है।
व्यापारियों ने कॉम्प्लेक्स के मलबे पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है और भाजपा नेताओं के विरोध में नारेबाजी की। शुक्रवार को सपा विधायक अतुल प्रधान व्यापारियों से मिलने सेंट्रल मार्केट पहुंचे और प्रशासनिक कार्रवाई को अमानवीय बताया।
अखिलेश यादव का बयान: “भाजपा वालों को रिटर्न गिफ्ट मिला बुलडोजर”
लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान जब पत्रकारों ने मेरठ की घटना पर सवाल किया तो अखिलेश यादव ने कहा — “वो बीजेपी की दुकानें जा रही हैं न। हमारी सरकार में भी फैसला आया था, लेकिन हमने किसी की दुकान नहीं टूटने दी।
अब जिन्होंने बीजेपी को वोट दिया है, उन्हें रिटर्न गिफ्ट मिल रहा है बुलडोजर का।” सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा गरीबों की कमाई और व्यापार पर बुलडोजर चला रही है, जबकि समाजवादी पार्टी हमेशा रोज़गार, न्याय और समानता की राजनीति करती है।
“भाजपा सरदार पटेल के विचारों के साथ कर रही खिलवाड़”
राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा केवल नाम बदलने और प्रतीकों की राजनीति कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि — “भाजपा की मूल पार्टी आरएसएस है, जिस पर लौह पुरुष सरदार पटेल ने प्रतिबंध लगाया था। आज वही लोग पटेल के नाम पर राजनीति कर रहे हैं, जबकि उनके विचारों को भूल चुके हैं।”
सपा प्रमुख ने कहा कि सरदार पटेल का रास्ता “पीडीए” (पिछड़े-दलित-अल्पसंख्यक) का रास्ता है, जो पीड़ा को जोड़ने और समानता स्थापित करने का प्रतीक है।
सपा दफ्तरों में मनाई गई सरदार पटेल और आचार्य नरेंद्र देव की जयंती
अखिलेश यादव ने बताया कि समाजवादी पार्टी मुख्यालय सहित सभी जिला कार्यालयों में शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती और आचार्य नरेंद्र देव की जयंती मनाई गई। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने सामाजिक एकता और समानता का संकल्प लिया।



