न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत समस्तीपुर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रचार अभियान की शुरुआत समस्तीपुर से की। रैली से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर के गांव जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सभा की शुरुआत में ही पीएम मोदी ने कहा – “नई रफ्तार से चलेगा बिहार, जब फिर आएगी एनडीए सरकार।”
कर्पूरी ठाकुर पर बोले मोदी — जननायक की उपाधि चोरी करने वालों को जनता सिखाएगी सबक
पीएम मोदी ने बिना नाम लिए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग जननायक कर्पूरी ठाकुर की उपाधि चुराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा – “जो लोग हजारों करोड़ के घोटालों में जमानत पर हैं, वो अब जननायक की उपाधि चोरी कर रहे हैं। बिहार के लोग कर्पूरी बाबू का अपमान कभी नहीं सहेंगे।”
“आपका पैसा आपको मिलता रहे, इसके लिए NDA सरकार जरूरी है” — पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने सरकार की जनकल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा – “अगर आप चाहते हैं कि आपका पैसा आपको मिलता रहे, तो एनडीए सरकार जरूरी है।” उन्होंने कहा कि गरीबों, किसानों और महिलाओं को केंद्र की योजनाओं से सीधा फायदा मिला है।
महिला रोजगार योजना और किसान सम्मान निधि का जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार सरकार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से बिहार की बहनों को नई दिशा मिली है। “10 हजार रुपये की शुरुआती मदद से महिलाओं ने अनेक छोटे उद्यम शुरू किए हैं। 14 नवंबर के बाद जब एनडीए सरकार फिर बनेगी, तो लाखों बहनों को रोजगार बढ़ाने के और मौके मिलेंगे।” उन्होंने यह भी बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत
“राज्य के किसानों को अब तक ₹28,000 करोड़ से अधिक मिले हैं, जिनमें से समस्तीपुर के किसानों को ₹800 करोड़ का सीधा लाभ मिला है।”
डिजिटल इंडिया और विकास कार्यों पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि सस्ता इंटरनेट और मोबाइल डेटा ने बिहार के युवाओं को नई ताकत दी है। उन्होंने मंच से लोगों से मोबाइल लाइट जलाने को कहा और बोले – “जब हर हाथ में लाइट है तो किसी को लालटेन की जरूरत नहीं।”
तीन गुना फंड, तीन गुना विकास
पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार को कांग्रेस के शासन की तुलना में तीन गुना अधिक फंड दिया है। “जब तीन गुना पैसा आएगा, तो विकास भी तीन गुना होगा।”
यह भी पढ़े:- तिलक वर्मा को हुई थी ‘रैबडोमायोलिसिस’ नाम की जानलेवा बीमारी, डॉक्टर बोले — “कुछ देर और
उन्होंने बताया कि समस्तीपुर से पूर्णिया तक सिक्स लेन हाईवे बन रहा है। नई रेल लाइनें और वंदे भारत ट्रेनें चलाई जा रही हैं। बिजली और औद्योगिक कारखाने बिहार में तेजी से बन रहे हैं।
राजद-कांग्रेस गठबंधन पर हमला
पीएम मोदी ने कहा कि यूपीए के समय में राजद कांग्रेस को धमकाती थी, जिसके कारण बिहार के बड़े प्रोजेक्ट रुके रहे। “राजद और कांग्रेस ने बिहार का बहुत नुकसान किया। आज बिहार सुशासन और विकास के रास्ते पर है।”
“फिर एक बार NDA सरकार” का नारा
पीएम मोदी ने कहा – “लोकतंत्र के महापर्व का बिगुल बज चुका है, और पूरा बिहार कह रहा है -फिर एक बार एनडीए सरकार, फिर एक बार सुशासन सरकार। जंगलराज वालों को बिहार दूर रखेगा।” उन्होंने नीतीश कुमार की सुशासन सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार में इस बार जीत के सारे रिकॉर्ड टूटेंगे।



