न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश सरकार ने आगामी 7 अक्टूबर 2025 को मनाई जाने वाली महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा कर दी है। इस संबंध में कार्मिक विभाग द्वारा शनिवार को अधिसूचना जारी की गई है।
इस फैसले के तहत अब प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और विभागों में पूरी तरह से छुट्टी रहेगी। पहले यह दिन निबंधित अवकाश (Restricted Holiday) के रूप में सूचीबद्ध था, लेकिन अब इसे Public Holiday में बदल दिया गया है।
किसके लिए मान्य होगा यह अवकाश?
हालांकि यह अवकाश निगोशिएबुल इन्स्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के तहत नहीं होगा। इसका अर्थ है कि यह बैंकों और केंद्रीय वित्तीय संस्थाओं के लिए अनिवार्य छुट्टी नहीं होगी। यह केवल राज्य सरकार के अधीन कार्यालयों, स्कूलों और संस्थानों पर लागू होगा।
वाल्मीकि जयंती का महत्व
महर्षि वाल्मीकि, रामायण के रचयिता और आदि कवि के रूप में जाने जाते हैं। हर वर्ष आश्विन मास की पूर्णिमा को उनकी जयंती मनाई जाती है। इस वर्ष यह 7 अक्टूबर को पड़ रही है।
यह भी पढ़े:- यूपी में कोचिंग सेंटर में भीषण विस्फोट, दो बच्चों की…
उत्तर प्रदेश में वाल्मीकि समुदाय की बड़ी आबादी है और इस दिन को सांस्कृतिक व धार्मिक दृष्टिकोण से विशेष रूप से मनाया जाता है। पूजा-पाठ, शोभायात्राएं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
योगी आदित्यनाथ का बयान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुछ समय पहले एक कार्यक्रम में कहा था:”वाल्मीकि जी ने रामायण के माध्यम से समाज को एकता और सद्भाव का संदेश दिया है। उनकी जयंती पर हमें उनके आदर्शों को अपनाना चाहिए।“



