सर्वोदय:- चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ‘अबूझ’ स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का मानना है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) हर बार एक नई चुनौती पेश करता है, जिसमें उन्हें हमेशा नई शुरुआत करने की आवश्यकता होती है।चक्रवर्ती ने चैंपियंस ट्रॉफी में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने पहले मैच में पांच विकेट लेकर महत्वपूर्ण योगदान दिया था और पूरे टूर्नामेंट में तीन मैचों में नौ विकेट चटकाए थे। हालांकि, वह अपनी पिछली सफलता को आगे बढ़ाने में सतर्क हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ आईपीएल के सत्र के पहले मैच से पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “आत्मविश्वास हर किसी के लिए अलग होता है। आप भले ही पिछले टूर्नामेंट के विजेता हों, लेकिन आपको हर बार नए टूर्नामेंट में शुरुआत करनी होती है।”उन्होंने कहा, “आपको शून्य से शुरुआत करनी होती है। जैसा कि कहते हैं, अगर आपने पिछले मैच में शतक बनाया है, तो भी अगली पारी में आपको शून्य से शुरुआत करनी होगी।”
चक्रवर्ती ने आगे कहा, “हां, मैंने पिछले टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन आईपीएल एक अलग प्रकार का खेल है और यह काफी चुनौतीपूर्ण है। मैं पूरी तरह से समझता हूं कि मुझे क्या चुनौती मिलने वाली है।”चक्रवर्ती विराट कोहली का सामना करने को लेकर भी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “विराट के खिलाफ खेलना निश्चित रूप से रोमांचक होगा। जाहिर है, उन्होंने मेरे खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है और मैं भी उनके खिलाफ अच्छा खेलना चाहूंगा।”



