न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज:- बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने उनके खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दर्ज 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस को रद्द करने की मांग को खारिज कर दिया है। अदालत ने सोमवार को हाईकोर्ट के आदेश में दखल देने से साफ इनकार कर दिया।
जैकलीन ने कोर्ट में दलील दी थी कि उनका सुकेश चंद्रशेखर से कोई संबंध नहीं है और उनके खिलाफ दर्ज मामला गलत है, इसलिए इसे समाप्त किया जाए। लेकिन शीर्ष अदालत ने इस याचिका को स्वीकार नहीं किया और केस की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ने दी।
क्या है मामला?
बॉलीवुड अभिनेत्री का नाम कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सामने आया था। ईडी के अनुसार, जैकलीन को सुकेश से महंगे तोहफे और पैसे मिले थे, जिसे वह ‘गिफ्ट’ बताती रही हैं। हालांकि एजेंसी का आरोप है कि वह इस पूरे प्रकरण में वित्तीय लाभ उठाने वालों में से एक हैं।
कोर्ट का फैसला
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह हाईकोर्ट के निर्णय में कोई हस्तक्षेप नहीं करेगा और फिलहाल ईडी की जांच पर रोक लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है। यानी जांच एजेंसियां जैकलीन के खिलाफ कार्यवाही जारी रख सकती हैं।



