एथेनॉल से खराब हो रहे इंजन? मोदी सरकार ने बताया सच और आगे की रणनीति

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- पेट्रोल में 20% तक एथेनॉल मिलाने को लेकर लोगों में फैली चिंताओं पर मोदी सरकार ने साफ जवाब दिया है। तेल एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्पष्ट किया कि एथेनॉल मिश्रण से इंजन को कोई नुकसान नहीं हो रहा है, और इस संबंध में जो भी दावे किए जा रहे हैं, वे गलत और भ्रामक हैं।

कुछ समय से सोशल मीडिया और ऑटो सेक्टर में यह बात तेजी से फैल रही थी कि 20% एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल (E20) से वाहनों की माइलेज कम हो रही है, और इंजन पर बुरा असर पड़ रहा है। इस मुद्दे पर न केवल आम लोग बल्कि ऑटो इंडस्ट्री भी चिंता जता रही थी।

हरदीप सिंह पुरी ने इन आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा:“2014 में एथेनॉल की ब्लेंडिंग महज़ 1.4% थी, जो अब 20% हो गई है। यह बड़ी उपलब्धि है, लेकिन अब इसे यहीं रोक देना चाहिए। मेरे हिसाब से अब फुल स्टॉप लगाना चाहिए।”

उन्होंने यह भी साफ किया कि एथेनॉल की मात्रा को 20% से बढ़ाकर 30% करने का कोई ठोस प्रस्ताव फिलहाल सरकार के पास नहीं है।

2030 तक 30% एथेनॉल ब्लेंडिंग?

हालांकि, एक इंटर-मिनिस्ट्रियल कमेटी इस बात पर विचार कर रही है कि क्या 2030 तक एथेनॉल की मात्रा को बढ़ाया जा सकता है। लेकिन पुरी ने कहा कि अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि:”कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि जल्द ही एक और बड़ी छलांग लगेगी। लेकिन मैं कहूंगा कि यह सब गलत है।”

गडकरी की सफाई और किसानों का फायदा

केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी भी एथेनॉल को लेकर कई बार विवादों में रहे हैं। उन पर आरोप लगा कि वे एथेनॉल को इसलिए बढ़ावा दे रहे हैं क्योंकि उनके बेटे का इससे जुड़ा व्यवसाय है।
गडकरी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा था: “किसानों को एथेनॉल से बड़ा फायदा हो रहा है। यह पर्यावरण के लिए भी लाभदायक है। मेरे पास ईमानदारी से 200 करोड़ रुपये महीने कमाने वाला दिमाग है। फिर मैं गलत क्यों करूंगा?”

ऑटो कंपनियों की भूमिका पर भी सवाल

पुरी ने यह भी कहा कि ऑटोमेकर्स ने समय पर अपनी प्रतिक्रिया नहीं दी, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हुई। ऑटो कंपनियों की स्पष्ट राय ना आने से नीतियों के कार्यान्वयन में दिक्कतें आईं।

सरकार का अगला कदम क्या होगा?

फिलहाल E20 तक ही एथेनॉल मिश्रण रहेगा। 30% ब्लेंडिंग को लेकर कोई फाइनल प्लान नहीं है। इंजन से जुड़ी चिंताओं को टेस्टिंग और डेटा के माध्यम से क्लियर किया जाएगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles