न्यूज़ डेस्क/ सर्वोदय न्यूज़:-दहेज की मांग पूरी न होने पर अपनी पत्नी को जिंदा जलाने वाले आरोपी विपिन भाटी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारकर घायल कर दिया। यह एनकाउंटर सिरसा चौराहे के पास हुआ, जब आरोपी पुलिस हिरासत से फरार होने की कोशिश कर रहा था।
पत्नी को किया था आग के हवाले
घटना बीते गुरुवार की है, जब ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली निक्की को उसके पति विपिन और ससुरालवालों ने कथित रूप से बाल पकड़कर खींचा, पीटा और फिर लाइटर से आग लगा दी। यह सब पीड़िता की बहन और छह साल के बेटे के सामने हुआ।
पीड़िता के मासूम बेटे का बयान बेहद झकझोर देने वाला है। उसने कहा, “मेरी मम्मी पर कुछ डाला, फिर उन्हें चांटा मारा और लाइटर से आग लगा दी।”
दो वीडियो हुए थे वायरल
इस दिल दहला देने वाली घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए।
- पहले वीडियो में आरोपी महिला को बाल पकड़कर खींचते हुए दिखता है।
- दूसरे में जल चुकी निक्की को सीढ़ियों पर चलने की कोशिश करते हुए देखा गया।
#WATCH | Greater Noida, UP | Accused of murdering his wife Nikki over dowry demands, Vipin Bhati brought to the hospital for treatment, after he was shot in the leg during an encounter with the police. pic.twitter.com/DZMuAenvX5
— ANI (@ANI) August 24, 2025
पीड़िता की बहन ने लगाए गंभीर आरोप
निक्की की बहन कंचन ने मीडिया को बताया कि आरोपी परिवार 36 लाख रुपये की दहेज मांग को लेकर लंबे समय से निक्की को प्रताड़ित कर रहा था। उन्होंने कहा, “उन्हें लगातार पीटा गया, मुझ पर भी हमला किया गया। उनके बच्चे इस हिंसा के गवाह बने।”
अस्पताल में दम तोड़ चुकी थी निक्की
21 अगस्त को पुलिस को फोर्टिस अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक महिला जलने की गंभीर हालत में भर्ती है। बाद में उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान निक्की की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, विपिन भाटी को बीती शाम गिरफ्तार किया गया था, और अब अन्य आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई गई है।
पुलिस का बयान
एडीसीपी सुधीर कुमार ने कहा, “घटना बेहद दुखद है। हमने प्रमुख आरोपी को पकड़ लिया है और अन्य की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।”



