स्पोर्ट्स डेस्क/ सर्वोदय न्यूज़:- इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और मशहूर क्रिकेट विश्लेषक माइकल वॉन ने भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल की तकनीक और धैर्य पर सवाल उठाए हैं। वॉन का मानना है कि गिल तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में तकनीकी रूप से कमजोर नजर आए और उनमें संयम की कमी भी दिखी।
शुभमन गिल ने भले ही सीरीज की शुरुआत शानदार अंदाज में की हो—हेडिंग्ले टेस्ट में शतक और बर्मिंघम टेस्ट में दोहरा शतक लगाकर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए—लेकिन लॉर्ड्स टेस्ट में उनका प्रदर्शन औसत रहा, जहां वह केवल 16 और 6 रन ही बना सके। इस मैच में भारत को 22 रन से हार का सामना करना पड़ा।
वॉन ने ‘द टेलीग्राफ’ में अपने कॉलम में लिखा, “चौथे दिन जब शुभमन गिल बल्लेबाजी के लिए आए, तो वह तकनीकी रूप से सहज नहीं दिखे और धैर्य की भी कमी नजर आई। हालांकि भारतीय टीम ने आखिरी दिन बेहतरीन संघर्ष किया और रोमांचक मुकाबला पेश किया।”
वॉन ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स की जमकर तारीफ की और कहा कि “इंग्लैंड को कभी भी बेन स्टोक्स जैसा प्रेरणादायक कप्तान नहीं मिला। वह कभी हार नहीं मानता। उसकी मानसिकता ही इंग्लैंड की जीत की असली ताकत है।”
बेन स्टोक्स ने इस मुकाबले में हर मोर्चे पर शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहली पारी में ऋषभ पंत को रन आउट किया, जो मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इसके अलावा उन्होंने दोनों पारियों में मिलाकर 5 विकेट झटके और 44 और 33 रन का योगदान भी दिया।
वॉन ने कहा, “स्टोक्स ही थे जिन्होंने जो रूट के साथ मिलकर पहले दिन टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। वही खिलाड़ी थे जिन्होंने तीसरे दिन लंच से ठीक पहले भारत की पकड़ को कमजोर किया और दोनों पारियों में निर्णायक विकेट चटकाए।”



