देश की पहली स्लीपर वंदेभारत एक्सप्रेस यूपी से होगी शुरू, लखनऊ से मुंबई के बीच तय हुआ रूट | जानिए किन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन

लखनऊ/सर्वोदय:- भारतीय रेलवे की सबसे चर्चित और हाई-स्पीड ट्रेन वंदेभारत अब स्लीपर कोच में भी सफर का नया अनुभव देने को तैयार है। देश की पहली स्लीपर वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन उत्तर प्रदेश से ही शुरू होगी। यह ट्रेन लखनऊ से मुंबई के बीच चलेगी और कई प्रमुख स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा।

स्लीपर वंदेभारत एक्सप्रेस का रूट तय, जून में टाइम टेबल होगा जारी

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस रूट का सर्वे पूरा हो चुका है और जून में इसकी टाइम टेबल जारी की जाएगी। ट्रेन के संचालन की तारीख उच्च स्तरीय बैठक के बाद घोषित की जाएगी। सप्ताह में चार दिन चलने वाली इस ट्रेन में कुल 20 एसी कोच होंगे, जिसमें फर्स्ट एसी, सेकेंड एसी, थर्ड एसी और दो एसएलआर कोच शामिल हैं। एक बार में करीब 1200 यात्री यात्रा कर सकेंगे।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

यह ट्रेन लखनऊ से चलकर हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली जंक्शन, रामपुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद, हजरत निजामुद्दीन, आगरा होते हुए मुंबई तक जाएगी। खास बात यह है कि इसका रूट बरेली जंक्शन होकर फाइनल किया गया है। इससे पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्रों के यात्रियों को मुंबई तक सीधी, तेज और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

मुंबई जाने वाला सफर होगा और आसान

फिलहाल बरेली और आसपास के क्षेत्रों से मुंबई के लिए सीमित ट्रेनें ही उपलब्ध हैं जैसे बरेली-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, रामनगर-बांद्रा एक्सप्रेस, लालकुआं-बांद्रा टर्मिनल और काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल ट्रेनें। लेकिन सीटों की भारी कमी और लंबी वेटिंग लिस्ट से यात्रियों को दिक्कत होती है। स्लीपर वंदेभारत एक्सप्रेस इस कमी को दूर करेगी और राजधानी व शताब्दी एक्सप्रेस से भी तेज रफ्तार में चलेगी।

वाराणसी से वंदेभारत की शुरुआत, अब एक और उपलब्धि यूपी के नाम

गौरतलब है कि देश की पहली वंदेभारत ट्रेन वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलाई गई थी। आज भी इस रूट पर दो वंदेभारत ट्रेनें रोजाना चल रही हैं। अब उत्तर प्रदेश को एक और गौरव मिलने जा रहा है – पहली स्लीपर वंदेभारत एक्सप्रेस की शुरुआत भी यहीं से होगी।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles