CM योगी आदित्यनाथ के एक वीडियो ने बदल दी जिंदगी! केरल की अरुंधति ने CM को लिखा भावुक पत्र, शादी में आने का दिया न्योता

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो केरल की अरुंधति के जीवन में बदलाव की वजह बना। कभी अपनी भावुकता और आंखों में आंसू आने को कमजोरी समझने वाली अरुंधति को इस वीडियो से नई सीख मिली। अब अपनी शादी के खास मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दो पन्नों का हस्तलिखित पत्र भेजकर विवाह समारोह में शामिल होने और नवदंपती को आशीर्वाद देने का आग्रह किया है।

अरुंधति के पत्र में मुख्यमंत्री के प्रति सम्मान और आभार का भाव झलकता है। उनके मुताबिक, योगी आदित्यनाथ से जुड़ी एक सीख ने उन्हें अपनी भावनाओं को नए नजरिए से देखने में मदद की और आत्मविश्वास बढ़ाया।

चचेरे भाई ने दिखाया था योगी आदित्यनाथ का वीडियो

अरुंधति ने अपने पत्र में बचपन के उस दौर का जिक्र किया है, जब छोटी-छोटी बातों पर भावुक होकर रो पड़ना उन्हें अपनी कमजोरी लगता था। उनके कुछ दोस्त उन्हें भावनाओं पर नियंत्रण रखने और मजबूत बनने की सलाह देते थे। धीरे-धीरे उनके मन में यह सवाल उठने लगा कि क्या भावुक व्यक्ति भी मजबूत हो सकता है और क्या अपनी भावनाएं जाहिर करना कमजोरी की निशानी है?

इसी दौरान उनके चचेरे भाई ने उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो दिखाया। इस वीडियो ने अरुंधति को भावनाओं और मजबूती के बीच संबंध को समझने का एक नया नजरिया दिया।

भावुक होना कमजोरी नहीं, यही मिली सीख

अरुंधति के मुताबिक, वीडियो देखने के बाद उन्हें यह समझने में मदद मिली कि भावुक होना किसी व्यक्ति की कमजोरी का प्रमाण नहीं है। उन्होंने अपनी संवेदनशीलता को कमी मानने के बजाय स्वाभाविक मानवीय गुण के रूप में स्वीकार करना सीखा।

उनके चचेरे भाई ने भी उन्हें समझाया कि योगी आदित्यनाथ की तरह भावुक होने के साथ मजबूत भी बना जा सकता है। अरुंधति के लिए यह अनुभव खास रहा, क्योंकि इससे उनके मन में लंबे समय से चल रहा द्वंद्व कम हुआ और भावनाओं को लेकर उनका नजरिया बदलने लगा।

20 दिसंबर को केरल में होगी अरुंधति और राहुल की शादी

अरुंधति अब अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत करने जा रही हैं। अरुंधति और राहुल का विवाह 20 दिसंबर 2026 को केरल के अलुवा स्थित ग्रीन पार्क कन्वेंशन सेंटर में प्रस्तावित है। इसी खास अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विवाह समारोह का निमंत्रण भेजा है।

पत्र के जरिए अरुंधति ने उनसे समारोह में शामिल होकर नवदंपती को आशीर्वाद देने का अनुरोध किया है। अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच इस निमंत्रण को स्वीकार कर पाते हैं या नहीं।

‘आप मेरे लिए एक नेता से कहीं बढ़कर हैं’

अरुंधति ने अपने पत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति भावनात्मक जुड़ाव व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा है कि वह उन्हें केवल एक नेता के रूप में नहीं, बल्कि बड़े भाई की तरह देखती हैं। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री की जीवन यात्रा से उन्हें हिम्मत और प्रेरणा मिली है।

अरुंधति ने पत्र में मुख्यमंत्री की व्यस्तताओं को भी समझने की बात कही है। उन्होंने लिखा कि यदि उनके लिए विवाह समारोह में पहुंचना संभव नहीं हुआ, तो उनका शुभकामना संदेश और आशीर्वाद भी उनके लिए बेहद अनमोल होगा।

अरुंधति का यह निमंत्रण उनके लिए केवल शादी का कार्ड भेजने तक सीमित नहीं है। इसके जरिए उन्होंने उस सीख के प्रति आभार जताया है, जिसने उन्हें अपनी भावनाओं को स्वीकार करने और खुद को एक नए नजरिए से देखने में मदद की।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles