जम्मू-कश्मीर/सर्वोदय:- जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर एक बड़ा खुलासा सामने आया है। पाकिस्तानी सेना के पूर्व जवान आदिल राजा ने इस हमले को लेकर चौंकाने वाला दावा किया है। उनका कहना है कि यह हमला पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर के निर्देश पर कराया गया था।
साजिश का पर्दाफाश
पूर्व पाकिस्तानी सैनिक आदिल राजा ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि पहलगाम में हुआ आतंकी हमला पूरी तरह से सोची-समझी साजिश थी, जिसे जनरल आसिम मुनीर ने अंजाम दिलवाया। राजा ने लिखा कि यह हमला मुनीर द्वारा अपने खिलाफ चल रही जांचों और विवादों से ध्यान भटकाने के लिए करवाया गया था।
राजा के अनुसार, हमले से पहले पाकिस्तानी सेना ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में विदेशी आतंकियों को बुलाकर उन्हें उकसाया और प्रशिक्षित किया गया। उन्हें हथियार, पैसे और लॉजिस्टिक सहायता ISI द्वारा मुहैया कराई गई थी।
आदिल राजा का बयान
“जब मैं ये लिख रहा हूं, मुझे भारतीयों का एजेंट कहा जाएगा, लेकिन सच यही है कि पहलगाम हमला जनरल मुनीर के कहने पर हुआ। कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी ऑफ द रिकॉर्ड यह बात मानी है।”
पाकिस्तान में मचा राजनीतिक भूचाल
इस खुलासे के बाद पाकिस्तान के भीतर भी हलचल मच गई है। रक्षा मामलों के जानकार और रिटायर्ड मेजर जनरल हैदर खान ने कहा:”अगर आदिल राजा की बात सच है, तो यह पाकिस्तान के लिए बेहद शर्मनाक है। एक आर्मी चीफ द्वारा अपनी कुर्सी बचाने के लिए मासूमों की जान लेना निंदनीय है।” पाकिस्तानी पत्रकार रुमान हाशमी ने भी इस बयान का समर्थन करते हुए कहा कि: “मुनीर की इस हरकत से पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय छवि को भारी नुकसान हुआ है।”
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना
इस हमले की निंदा भारत समेत कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने की है। भारत ने पाकिस्तान को एक बार फिर आतंकवाद को समर्थन देने के लिए कठघरे में खड़ा किया है।
भारत ने बढ़ाई सुरक्षा
इस घटना के बाद भारत ने जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी है और आतंकी संगठनों के खिलाफ ऑपरेशन को तेज किया गया है।



