लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़: भारतीय ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन द्वारा मनाए जा रहे बोन एवं जॉइंट सप्ताह के तहत डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (आरएमएलआईएमएस), लखनऊ के अस्थि रोग (ऑर्थोपेडिक्स) विभाग ने हड्डियों और जोड़ों के स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हड्डियों को लंबे समय तक स्वस्थ बनाए रखने के लिए सही जीवनशैली, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और सही शारीरिक मुद्रा अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रभात ने सही शारीरिक मुद्रा (पोश्चर) के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि बैठने, खड़े होने और चलने-फिरने की सही आदतें अपनाकर रीढ़ और जोड़ों से जुड़ी कई समस्याओं से बचाव संभव है।
संस्थान के निदेशक प्रो. सी. एम. सिंह ने कहा कि संतुलित एवं पौष्टिक भोजन, नियमित शारीरिक गतिविधियां और स्वस्थ जीवनशैली न केवल हड्डियों को मजबूत बनाती हैं, बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह ने हड्डियों की मजबूती में आंतों के स्वास्थ्य की अहम भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ पाचन तंत्र शरीर में कैल्शियम सहित आवश्यक पोषक तत्वों के बेहतर अवशोषण में मदद करता है, जिससे हड्डियां मजबूत रहती हैं।
अस्थि रोग विभागाध्यक्ष डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि विभाग में आने वाले मरीजों को उपचार के साथ-साथ हड्डियों और जोड़ों की बीमारियों की रोकथाम, सही जीवनशैली और नियमित परामर्श भी दिया जाता है, ताकि वे बेहतर और स्वस्थ जीवन जी सकें।
डॉ. विनीत कुमार ने कार्यालयों में लंबे समय तक काम करने वाले लोगों के लिए ऑफिस एर्गोनॉमिक्स की उपयोगिता पर चर्चा करते हुए सही बैठने की स्थिति, कार्यस्थल की उचित व्यवस्था तथा समय-समय पर स्ट्रेचिंग और हल्के व्यायाम करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. स्वागत महापात्र ने अतिथियों का सम्मान किया, जबकि डॉ. पंकज अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को हड्डियों और जोड़ों को स्वस्थ रखने के लिए आसान और प्रभावी व्यायामों का व्यावहारिक प्रदर्शन कर उन्हें दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अस्थि रोग विभाग के संकाय सदस्य, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, मेडिकल विद्यार्थी, मरीज और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने सभी लोगों से नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ हड्डियों एवं जोड़ों से जुड़ी समस्याओं के प्रति समय रहते सतर्क रहने की अपील की।



