भूमि संबंधी प्रकरणों में लापरवाही पर हो सख्त कार्रवाई: सीएम योगी

गोरखपुर/सर्वोदय न्यूज़:-मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने भूमि संबंधी शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ मामले की गंभीरता के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए, जिसमें निलंबन भी शामिल हो सकता है।

गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई लोगों ने भूमि विवादों और राजस्व विभाग के कर्मचारियों की कार्यशैली को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जरूरतमंदों को इलाज में हर संभव सहायता का भरोसा

जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार उनके उपचार में पूरी सहायता करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाएं। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ना चाहिए और सभी पात्र लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।

करीब 150 लोगों से मिले मुख्यमंत्री

गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने लगभग 150 लोगों से मुलाकात की। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एक महिला ने अपने मकान से बेदखल किए जाने की शिकायत मुख्यमंत्री से की। इस पर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल हस्तक्षेप कर महिला को उसके मकान पर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए।

आयुष्मान कार्ड बनवाने पर विशेष जोर

कार्यक्रम के दौरान एक महिला ने अपनी मां के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। जब मुख्यमंत्री ने उससे आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा तो उसने बताया कि उसके पास कार्ड नहीं है। इस पर मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनना चाहिए ताकि इलाज के दौरान आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

गोशाला पहुंचे मुख्यमंत्री, बच्चों से भी की मुलाकात

जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री की दिनचर्या परंपरा के अनुसार जारी रही। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ एवं अपने गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ को श्रद्धांजलि अर्पित की और मंदिर की गोशाला पहुंचकर गोसेवा की। इस दौरान उन्होंने गोवंश को अपने हाथों से गुड़ और रोटी खिलाई।

मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद बच्चों से भी मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट वितरित की, उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी ली और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles