नई दिल्ली/सर्वोदय न्यूज़: दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक अग्निकांड में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हौजरानी स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में हुआ, जहां सुबह नाश्ते के दौरान अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी इमारत इसकी चपेट में आ गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग रेस्टोरेंट के बेसमेंट से शुरू हुई और तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। जिस भवन में रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था, उसी में एक गेस्ट हाउस भी मौजूद था, जहां कई विदेशी नागरिक ठहरे हुए थे। मृतकों में बड़ी संख्या में विदेशी मेहमानों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
जान बचाने के लिए इमारत से कूदे लोग
आग की भयावहता को देखते हुए कई लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए इमारत से नीचे छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने सड़क पर गद्दे बिछाकर फंसे हुए लोगों की मदद की, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी।
घटना के समय रेस्टोरेंट और बेसमेंट में बने कमरों सहित पूरे परिसर में 60 से अधिक लोग मौजूद थे। आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अंदर ही फंस गए।
दमकल विभाग ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक सुबह करीब 8:50 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान बेसमेंट में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नेहरू प्लेस फायर स्टेशन के डिविजनल ऑफिसर रविंदर के नेतृत्व में बचाव अभियान चलाया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
जांच जारी, आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं
दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।
प्रशासन ने तुरंत किया एक्शन
दक्षिण जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) के एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और राहत कार्य लगातार जारी है।
भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने पर जोर
मालवीय नगर से बीजेपी विधायक सतीश उपाध्याय ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद कहा कि हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग को सक्रिय कर दिया गया था। उन्होंने स्थानीय लोगों द्वारा किए गए सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और मृतकों की पहचान के साथ-साथ आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।