न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के ऐतिहासिक मौके पर कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक भावुक दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पहुंचे शुभेंदु अधिकारी के समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच पर मौजूद वरिष्ठ भाजपा नेता माखनलाल सरकार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
प्रधानमंत्री ने उन्हें गले लगाया और इस दौरान मंच पर मौजूद कई नेताओं की आंखें नम हो गईं। यह दृश्य समारोह का सबसे चर्चित और भावनात्मक पल बन गया।
कौन हैं माखनलाल सरकार?
98 वर्षीय माखनलाल सरकार पश्चिम Bengal में भाजपा और राष्ट्रवादी राजनीति के शुरुआती स्तंभों में गिने जाते हैं। उन्होंने जनसंघ और बाद में भाजपा के संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
Live: पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक दिन! मोदी के सामने शुभेंदु अधिकारी की ताजपोशी देखे लाइव विडियो:
बताया जाता है कि वर्ष 1952 में कश्मीर में तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान वे जनसंघ संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ सक्रिय रूप से जुड़े थे। इसी आंदोलन के दौरान उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था और जेल जाना पड़ा था।
बंगाल में भाजपा संगठन को मजबूत करने में निभाई बड़ी भूमिका
1980 में भारतीय जनता पार्टी के गठन के बाद माखनलाल सरकार को पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जिलों का संगठनात्मक समन्वयक बनाया गया। उन्होंने बेहद कम समय में हजारों कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ा।
सिर्फ एक वर्ष के भीतर उन्होंने करीब 10 हजार नए सदस्यों को भाजपा से जोड़ने में योगदान दिया। इसके बाद 1981 से लगातार सात वर्षों तक उन्होंने जिला अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। उस दौर में किसी नेता का लंबे समय तक एक ही संगठनात्मक पद पर बने रहना बड़ी उपलब्धि माना जाता था।
शपथ समारोह में दिखा ऐतिहासिक माहौल
शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जोरदार स्वागत किया गया। ‘जय श्रीराम’ के नारों के बीच पीएम मोदी खुले वाहन में समारोह स्थल पहुंचे और समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया।
प्रधानमंत्री सुबह नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे, जहां से हेलीकॉप्टर के जरिए रेस कोर्स मैदान और फिर सड़क मार्ग से ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचे। सुबह से ही हजारों भाजपा समर्थक समारोह स्थल पर जुटने लगे थे।
बंगाल में भाजपा का ऐतिहासिक विजय अभियान
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 207 सीटों पर जीत दर्ज कर तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासन का अंत किया है। इसे राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।



