न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- कर्नाटक के चिकमंगलूर जिले के कोप्पा क्षेत्र में सह्याद्रि पर्वतमाला की गोद में स्थित कमंडल गणपति मंदिर न सिर्फ आध्यात्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि अपनी हज़ार साल पुरानी परंपरा और रहस्यमयी जलधारा के लिए भी विश्व प्रसिद्ध है।
इस मंदिर की एक खास बात है यहां भगवान गणेश की प्राचीन प्रतिमा के सामने से सदियों से बहता एक अद्भुत जल स्रोत, जिसे ब्रह्मा नदी का उद्गम स्थल माना जाता है। यही वजह है कि इस मंदिर को “कमंडल गणपति मंदिर” के नाम से जाना जाता है।
मंदिर का इतिहास और आध्यात्मिक महत्त्व
मान्यता है कि माता पार्वती ने स्वयं इस गणेश प्रतिमा की स्थापना की थी। भगवान गणेश की मूर्ति में उनका एक हाथ मोदक और दूसरा अभय मुद्रा में है, जो भक्तों को रक्षा और आशीर्वाद का संकेत देता है।
मंदिर से निकलने वाला जलधारा ब्रह्मा जी के कमंडल से उत्पन्न मानी जाती है। यह जलधारा शुद्ध, पवित्र और ऊर्जावान मानी जाती है, जिसमें स्नान करने से शनि दोष सहित जीवन की कई बाधाएं दूर होती हैं।
कमंडल गणपति मंदिर से जुड़ी पौराणिक कथा
पौराणिक कथा के अनुसार — एक समय शनि देव के प्रकोप से माता पार्वती चिंतित थीं। वे शांति के लिए पृथ्वी पर ‘मृगवाधे’ नामक स्थान पर तपस्या करने आईं। उन्होंने अपने पुत्र भगवान गणेश को बाहर बैठा दिया ताकि कोई विघ्न न आए। माता की भक्ति से प्रसन्न होकर ब्रह्मा जी स्वयं प्रकट हुए और अपने कमंडल से जल छिड़क कर यहां ब्रह्मा नदी की शुरुआत की। यही कारण है कि इस स्थान को “कमंडल” के आकार का पवित्र स्थल माना जाता है और इससे जुड़े जल को दैवीय चमत्कारी जल कहा जाता है।
मंदिर से जुड़े विशेष लाभ:
- शनि दोष निवारण
- मनोकामना पूर्ति
- पारिवारिक सुख-शांति
- धन-समृद्धि का आगमन



