न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- होली का त्यौहार करीब है और इस अवसर पर उत्तर प्रदेश और दिल्ली के लाखों परिवारों के लिए खुशखबरी है। सरकार की योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को इस होली मुफ्त एलपीजी सिलेंडर मिलेगा। यह सुविधा केवल उन लोगों को दी जाएगी जो योजना की सभी शर्तों को पूरा करते हैं।
यूपी सरकार की योजना
उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत महिला लाभार्थियों को मुफ्त एलपीजी रिफिल दिया जाएगा। राज्यभर में लगभग 1.86 करोड़ महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा। योगी सरकार हर वर्ष दो चरणों में मुफ्त एलपीजी रिफिल देती है। पहले चरण में दिवाली (अक्टूबर–दिसंबर 2025) पर रिफिल वितरित की गई थी। दूसरा चरण जनवरी–मार्च 2026 में लागू होगा। पिछले साल इसके लिए 1500 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे।
दिल्ली सरकार का तोहफा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि होली और दिवाली पर वैध राशन कार्डधारक परिवारों को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर मिलेगा। दिल्ली कैबिनेट ने एलपीजी सिलेंडर की कीमत के रूप में 853 रुपये प्रत्यक्ष लाभ अंतरण प्रणाली के तहत पात्र खातों में डालने का फैसला किया है।
यह भी पढ़े:- लखनऊ: कफ सिरप तस्करी में अमित यादव गिरफ्तार, CM योगी ने सदन में नाम लिया था
पाइप नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन वाले पात्र राशन कार्ड धारक भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। इसके लिए दिल्ली सरकार ने 242 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। उज्ज्वला योजना के तहत आने वाले लाभार्थियों को प्रति सिलेंडर 553 रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी, जबकि योजना के बाहर के राशन कार्डधारक परिवारों को 853 रुपये की सहायता दी जाएगी।
उज्ज्वला योजना की जानकारी
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना मई 2016 में शुरू की गई थी। अगस्त 2021 में उज्ज्वला 2.0 के तहत 1 करोड़ अतिरिक्त एलपीजी कनेक्शन जारी किए गए। इसके बाद 60 लाख और कनेक्शन जारी किए गए, जिससे दिसंबर 2022 तक कुल 1.60 करोड़ कनेक्शन बन चुके थे। वित्त वर्ष 2023–26 के लिए 75 लाख अतिरिक्त कनेक्शन जारी करने की मंजूरी दी गई, जिसे जुलाई 2024 तक पूरा किया गया।
उज्ज्वला 2.0 योजना के तहत प्रवासी परिवारों के लिए विशेष प्रावधान है, जिससे उन्हें राशन कार्ड या पते के प्रमाण की आवश्यकता नहीं और वे स्व-घोषणा के माध्यम से नया एलपीजी कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं।



