लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- राजधानी लखनऊ में शनिवार दोपहर एक हरियाणवी अभिनेत्री और सिंगर ने आत्मदाह की कोशिश कर सनसनी फैला दी। मामला लामार्ट चौराहा, टैंगो थ्री के पास का है। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जान देने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद आत्मदाह निरोधी दस्ते ने समय रहते उसे बचा लिया।
फिल्म निर्माता पर शोषण का आरोप
अभिनेत्री का कहना है कि हरियाणवी फिल्मों के निर्माता उत्तर कुमार ने उसका शोषण किया है। उसने गाजियाबाद के शालीमार थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया था, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।
पीड़िता हापुड़ जनपद के पिलखुवा इलाके की रहने वाली है और शनिवार को अपनी बड़ी बहन और 4 साल के बेटे के साथ लखनऊ पहुंची थी। आत्मदाह के प्रयास के बाद उसे पुलिस ने पकड़कर गौतमपल्ली थाने ले जाया गया।
गौतमपल्ली थाने के इंस्पेक्टर रत्नेश सिंह ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस को सूचना दे दी गई है और वहां से टीम लखनऊ रवाना हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, अभिनेत्री और फिल्म निर्माता उत्तर कुमार के बीच वर्ष 2024 में विवाद हुआ था। उस समय दर्ज मुकदमे की जांच में आरोप निराधार पाए गए थे और अंतिम पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया गया था।
इंस्टाग्राम वीडियो में दी थी चेतावनी
घटना से तीन दिन पहले अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो डालकर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई थी। वीडियो में उसने कहा था कि यदि न्याय नहीं मिला तो वह अपनी जान दे देगी। इसी के बाद वह अपनी बहन और बेटे के साथ लखनऊ पहुंची थी।



