न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 132वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए पश्चिम एशिया में जारी युद्ध को लेकर अहम संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात चुनौतीपूर्ण हैं, लेकिन 140 करोड़ भारतीय मिलकर इन परिस्थितियों का सामना करेंगे।
सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की सलाह
प्रधानमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे सतर्क रहें और किसी भी तरह की अफवाहों पर भरोसा न करें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दी जा रही आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करना चाहिए।
खाड़ी देशों का जताया आभार
पीएम मोदी ने खाड़ी देशों का धन्यवाद करते हुए कहा कि वहां रह रहे करीब 1 करोड़ भारतीयों को हर संभव सहायता दी जा रही है। उन्होंने जोर दिया कि इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति से बचना चाहिए और सभी को एकजुट रहना चाहिए।
ऊर्जा आपूर्ति पर असर
प्रधानमंत्री ने बताया कि पश्चिम एशिया क्षेत्र भारत की ऊर्जा जरूरतों का प्रमुख स्रोत है। कच्चा तेल और गैस की आपूर्ति पर इस संघर्ष का असर पड़ रहा है, जिससे वैश्विक स्तर पर पेट्रोल-डीजल संकट की स्थिति बन रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि
- स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है
- व्यापारिक मार्गों पर दबाव बढ़ा है
- सरकार ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है
भारत के पास 5.3 मिलियन टन से अधिक स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व मौजूद है, जिसे आगे और बढ़ाया जा रहा है।
वैश्विक हालात पर चिंता
प्रधानमंत्री ने कहा कि मार्च का महीना वैश्विक स्तर पर उथल-पुथल भरा रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले कोविड-19 जैसी महामारी ने दुनिया को प्रभावित किया था और अब युद्ध जैसी परिस्थितियां सामने आ रही हैं, जो चिंता का विषय हैं।
युवाओं और जल संरक्षण पर जोर
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने खेलों का जिक्र करते हुए युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने जल संरक्षण को लेकर भी देशवासियों से जागरूक रहने की अपील की।



