लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:– अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत अवध प्रांत के कार्यकर्ताओं ने आज 15 दिसंबर 2025 को राजधानी लखनऊ के प्रमुख बाजार हजरतगंज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमाओं पर दीप प्रज्वलित कर ग्राहक जागरूकता पखवाड़े का विधिवत शुभारंभ किया।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा प्रतिवर्ष 15 से 30 दिसंबर तक ग्राहक जागरूकता पखवाड़ा मनाया जाता है। यह संगठन के प्रमुख आयोजनों में से एक है, जिसके अंतर्गत आम उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस अवधि में प्रमुख बाजारों में जागरूकता पत्रकों का वितरण, विद्यालयों एवं सामाजिक स्थलों पर गोष्ठियों का आयोजन तथा जनमानस तक उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी पहुंचाने का कार्य किया जाता है।
इस वर्ष जागरूकता पखवाड़े के दौरान छात्रों के बीच विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही प्रबुद्धजनों के साथ गोष्ठियों में एमआरपी के साथ लागत मूल्य अंकित करने की मांग, भ्रामक विज्ञापनों के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध एवं धोखाधड़ी से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके अतिरिक्त संगठन के कार्यकर्ता उपभोक्ता विषयों से जुड़े सरकारी कार्यालयों से भी संवाद करेंगे।
ग्राहक पंचायत द्वारा 24 दिसंबर को ग्राहक दिवस के रूप में मनाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि संगठन के सतत प्रयासों के फलस्वरूप वर्ष 1986 में 24 दिसंबर को उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम लागू हुआ था। तभी से यह दिवस ग्राहक दिवस के रूप में मनाया जाता है और इसी अवधि को ग्राहक जागरण पखवाड़ा कहा जाता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रांतीय अध्यक्ष यशपाल सिंह ने नए कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित जनसमूह को ग्राहक पंचायत के उद्देश्यों और उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी दी। इस अवसर पर संगठन से जुड़े पत्रकों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष यशपाल सिंह, उपाध्यक्ष ओमकार पांडेय, प्रांतीय सचिव आशुतोष मिश्र, प्रांतीय कोषाध्यक्ष रामशंकर अवस्थी, सहसचिव नीलम इंसान, पर्यावरण आयाम प्रमुख प्रकाश चंद्र बरनवाल, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य मीना महेश्वरी, लखनऊ महानगर अध्यक्ष लक्ष्मीकांत, महानगर उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, शिखा सिंह पटेल,अमित चौहान, रीता सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



